
- Select a language for the TTS:
- Hindi Female
- Hindi Male
- Tamil Female
- Tamil Male
- Language selected: (auto detect) - HI
Play all audios:
दिल्ली में एक बार फिर एक रईसजादे की बीएमडब्लू ने एक कार को रौंद दिया जिससे उसमें चालक की मौत हो गई। रविवार को दक्षिणी दिल्ली के आइआइटी-मुनिरका फ्लाइओवर के पास तेज रफ्तार बीएमडब्लू कार ने एक
वैगनआर टैक्सी कार को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वैगनआर हवा में उछलती हुई दूर जा गिरी। टैक्सी ड्राइवर की मौके पर ही मौत हो गई। टैक्सी चालक किराए (कैब) का ड्राइवर था और हादसे के
समय गुड़गांव जा रहा था। पुलिस ने बीएमडब्लू चालक को गिरफ्तार कर लिया है। उसकी पहचान 24 साल के शोएब कोहली के रूप में हुई है। वह पंचशील इलाके में रहने वाले चावल के मशहूर ब्रांड कोहिनूर फूड्स
लिमिडेट की मालिक शहनाज जज कोहली का बेटा है। कार पर चंडीगढ़ का पंजीकरण नंबर है। शोएब गुड़गांव में एक बहुराष्ट्रीय कंपनी में काम करता है। रविवार रात साढ़े ग्यारह बजे हादसा होने के बाद वह
दुर्घटनास्थल से फरार हो गया लेकिन सोमवार को उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार बीएमडब्लू की मालकिन कोहली की मां शहनाज कोहली हैं जो दिल्ली जिमखाना क्लब की सदस्य हैं। पूछताछ के दौरान
शोएब ने नशे में होने से इनकार कर दिया। पुलिस सूत्रों के मुताबिक रविवार देर रात 11.30 बजे मुनिरका फ्लाईओवर पर यात्रियों को ढूंढ़ते हुए वैगनआर ट्रैक्सी कार धीरे-धीरे जा रही थी कि तभी शोएब की
तेज रफ्तार बीएमडब्लू कार ने अनियंत्रित होकर वैगनआर टैक्सी कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टैक्सी कार के परखचे उड़ गए। ड्राइवर की मौके पर ही मौत हो गई। लेकिन बीएमडब्लू चला
रहा युवक एअर बैग की वजह से बच गया। टैक्सी ड्राइवर नजरुल इस्लाम मूल रूप से पश्चिम बंगाल का रहने वाला था। उसकी उम्र 27 से 28 साल के बीच थी। वह पांच सदस्यों के परिवार में एकमात्र कमाने वाला
सदस्य था। उसके परिवार में पत्नी, दो बच्चे और दादी थी। वह गुड़गांव में रहता था और किराए पर टैक्सी चलाता था। दुर्घटना की सूचना मिलने पर टैक्सी मालिक तैमूर इस्लाम घटनास्थल पर पहुंच गया। उन्होंने
बताया कि नजरुल ने एक दिन पहले ही उनके यहां टैक्सी चलाने का काम शुरू किया था। तैमूर उबर कैब के जरिए लोगों को टैक्सी की सुविधा देता था। टैक्सी चालक देर रात यात्रियों की तलाश में मुनिरका
फ्लाईओवर के पास से गुजर रहा था, तभी हादसे का शिकार हो गया। पुलिस सूत्रों ने बताया कि दोनों वाहन वसंत विहार की तरफ जा रहे थे। दिल्ली में इससे पहले भी कई बार बीएमडब्लू ने अपना कहर बरपाया है।